10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं
खेलो झारखण्ड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी हुए सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखण्ड स्थापना दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में नियुक्ति पत्र वितरण-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिक्षक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ बच्चों की प्रतिभा निखारने, व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर भविष्य तैयार करने में योगदान दें। उन्होंने विद्यालयों में संचालित तीन शैक्षणिक मॉड्यूल का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने बाल विवाह उन्मूलन के लिए जिले में संचालित प्रोजेक्ट ‘तारा’ का उल्लेख करते हुए शिक्षकों से इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से बाल विवाह की आशंका वाली बच्चियों की पहचान कर उन्हें जागरूक एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सकता है। वही खेलो झारखंड 2026-27 में जिले के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खेल सुविधाओं एवं आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिल सके। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


