पाकुड़

खेत बचाओ अभियान सह प्रखण्ड स्तरीय रबी कार्यशाला का आयोजन, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी

'Save the Farms' campaign and block-level Rabi workshop organized; farmers provided with information on modern farming techniques.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कृषि कार्यालय की ओर से शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड परिसर में खेत बचाओ अभियान सह प्रखण्ड स्तरीय रबी कार्यशाला 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, प्रखंड प्रमुख कालिदास मरांडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, सांसद प्रतिनिधि खुर्शीद आलम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतिलाल हांसदा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए झामुमो नेत्री उपासना मरांडी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी ने किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खेती करना आवश्यक है। खेतों की मिट्टी का संरक्षण एवं स्वास्थ्य बनाए रखना भी किसानों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान कृषि विभाग की ओर से रबी फसल की खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को समय पर बीज, खाद एवं अन्य कृषि संसाधनों का समुचित उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान केसीसी कार्ड स्वीकृति पत्र (सैंक्शन लेटर) एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। वहीं, प्रखंड स्तर पर डिजिटल क्रॉप सर्वे का बेहतर एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को शॉल देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों से संबंधित आंकड़ों को सही तरीके से संकलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यशाला में कृषि विभाग के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रबी मौसम की खेती के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सरकारी कृषि योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करना रहा।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button