बरेली

समीक्षा बैठक में डीएम बोले- गैस सिलिंडर की आपूर्ति और वितरण सामान्य

घर बैठे करें बुकिंग; एडवाइजरी जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। एलपीजी संकट के बीच बरेली में जिलाधिकारी ने गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने, गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी के लिए निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जनपद की तीनों तेल और गैस कंपनियों व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एलपीजी एवं पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति के संबंध में समीक्षा की गई। तीनों कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिले में एलपीजी सिलिंडर, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पर्यात मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। नए नियम के तहत गैस सिलिंडर की रिफिल की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन की गई है। कालाबाजारी रोकने के लिए ओटीपी आधारित वितरण व्यवस्था लागू की गई है।
गैस सिलिंडर की आपूर्ति एवं वितरण सामान्य
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जनपद में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति एवं वितरण सामान्य है। पेट्रोल और डीजल की भी कमी नहीं है। सिलिंडरों की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने, उनके दैनिक स्टॉक की मॉनीटरिंग करने तथा क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करने के निर्देश अफसरों को दिए गए हैं।
डीएम की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें 
जिलाधिकारी ने कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। जनहित में कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए गए हैं। अगर किसी को कोई समस्या होती है तो कंट्रोल रूम पर सूचना दें। अगर कोई अफवाह फैलाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी तृप्ती, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह आदि अफसर मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button