कैराना
राजस्व कार्रवाई से नाराज होकर की शिकायत
जांच में सामने आया बंजर भूमि पर रास्ता बनाने का मामला
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा शोएब पुत्र तैयब के खिलाफ दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र की जांच में मामला राजस्व भूमि से जुड़ा पाया गया है। जांच में सामने आया कि शिकायत करने वाला व्यक्ति राजस्व विभाग की कार्रवाई से नाराज होकर शिकायत कर रहा है।
जानकारी के अनुसार जमालपुर निवासी कमल सैनी ने शोएब पुत्र तैयब के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इस पर संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया गया, जिसमें पता चला कि शोएब पुत्र तैयब का घेर बंजर भूमि के खसरा नंबर 313 तथा नाली के खसरा नंबर 317 पर बना हुआ है। साथ ही यह भी पाया गया कि उसने बंजर भूमि के खसरा नंबर में ही रास्ता बना रखा है। मामला सामने आने के बाद राजस्व विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67(1) के तहत कार्रवाई की गई है ।अधिकारियों का कहना है कि उक्त कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति नाराज हो गया और उसने शिकायत कर दी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच पूरी कर ली गई है और राजस्व नियमों के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
