बेतुल
बैतूल दूरस्थ अंचलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने कोरकू भाषा, संस्कृति और शिक्षा पर लिखे निबंध
बैतूल में अखिल भारतीय कोरकू आदिवासी निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। अखिल भारतीय कोरकू आदिवासी निबंध प्रतियोगिता वर्ष 2026 का आयोजन रविवार 15 मार्च को मेडिटेक करियर इंस्टीट्यूट बैतूल में किया गया, जिसमें दूरस्थ अंचलों से आए प्रतिभागियों ने कोरकू समाज से जुड़े प्रमुख विषयों पर निबंध लेखन किया।
प्रतियोगिता का संचालन सुबह 10 बजे केन्द्राध्यक्ष कालूराम दरश्यामकर, उपाध्यक्ष भोलाशंकर लावस्कर, पर्यवेक्षक राजमल दरश्यामकर, परीक्षा नियंत्रक सुनील कुमार काजले तथा सहायक रूपलाल कांडरा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सम्पूर्ण नियंत्रण एवं मार्गदर्शन जिलाध्यक्ष कोरकू समाज जिला बैतूल जनकलाल मवासे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रभाकर धाडसे, फिजिकल एकेडमी संचालक बैतूल करण चढ़ोकार तथा अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद नर्मदापुरम संभाग के अध्यक्ष योगेश धुर्वे की उपस्थिति में किया गया।
निबंध प्रतियोगिता के लिए तीन प्रमुख विषय निर्धारित किए गए थे, जिनमें तकनीकी युग में कोरकू बोली का अस्तित्व एवं उसके सामने चुनौतियाँ, कोरकू आदिवासी जीवन दर्शन तथा मानव सभ्यता की सबसे बड़ी पूँजी शिक्षा है शामिल रहे। प्रतिभागियों को इन तीन विषयों में से किसी दो विषयों पर निबंध लेखन करना था, जिसमें दूरस्थ अंचलों से आए परीक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन मेडिटेक करियर इंस्टीट्यूट बैतूल के संचालक राजा धुर्वे और ईश्वर धुर्वे के पूर्ण सहयोग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में कुनबी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष समाजसेवी दिनेश मस्की भी उपस्थित रहे।



