गोड्डा
राजाभीठा–मालभीठा सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों का जोरदार विरोध
घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी का आरोप, जांच व कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोआरीजोर : एक बार फिर सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजाभीठा से मालभीठा तक बन रही करीब 7.5 किलोमीटर लंबी सड़क में अनियमितता का आरोप लगाते हुए देवीपुर गांव के ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और तय मानकों की खुलकर अनदेखी हो रही है। लोगों के अनुसार सड़क की मोटाई और मजबूती भी मानक के अनुरूप नहीं है, जिससे इसके जल्द खराब होने की आशंका जताई जा रही है।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के खिलाफ खुलकर विरोध जताया। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण की पहल राजाभीठा पंचायत के मुखिया सुखलाल सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा के क्षेत्रीय सचिव सिकंदर अंसारी द्वारा की गई थी। विरोध प्रदर्शन के दौरान बदरुद्दीन अंसारी, प्रेम मड़ैया, सज्जाद अंसारी, मुख्तार अंसारी, जमशेद अंसारी, गोपिंदर टुडू समेत देवीपुर पंचायत समिति के कई सदस्य मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, सड़क का निर्माण गुणवत्ता के साथ कराकर आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।



