
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा : नगर पंचायत के सभागार में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों की पहली बोर्ड बैठक ने विकास की नई दिशा तय कर दी। अध्यक्ष प्रबोध सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 17 वार्डों के पार्षदों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता के भरोसे पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर वार्ड तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। बैठक के दौरान जलापूर्ति, जर्जर सड़कें, नालियों की सफाई, जलजमाव, स्ट्रीट लाइट की कमी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप जैसे अहम मुद्दे उठाए गए। पार्षदों ने लंबित कार्यों पर भी सवाल खड़े किए। इस पर अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि अब किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि सभी 17 वार्डों के लिए अलग-अलग विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी। इन योजनाओं के तहत सड़क, पानी, सफाई, रोशनी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी। प्रत्येक वार्ड की प्रगति की निगरानी की जाएगी और जनता को कार्यों की जानकारी दी जाएगी। अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने महागामा को एक “मॉडल नगर पंचायत” के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा और सभी पार्षदों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की। पहली ही बैठक में विकास को लेकर दिखाई गई गंभीरता से आम जनता में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि अब नगर की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और महागामा विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल सहित उपाध्यक्ष निलेश सिंह, रॉकी जयसवाल, ललिता देवी, हेमंत कुमार, दिलीप कुमार दास, सिकंदर पासवान, महावीर महतो, स्वीटी कुमारी, पूनम देवी, सावित्री देवी, आशा देवी, दाऊद अंसारी, अलादीन अंसारी समेत कई पार्षद उपस्थित रहे। वार्ड संख्या 8 की पार्षद मुन्नी कुमारी अनुपस्थित रहीं। नगर पंचायत के सभी कर्मी भी बैठक में मौजूद थे।




