नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बुधवार रात से शुरू हुई हल्की बारिश का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। हालांकि इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन लगातार हो रही बूंदाबांदी ने आम जनजीवन को मुश्किल में डाल दिया है।
बारिश के कारण लोनी की कई सड़कों पर कीचड़ जमा हो गया है, जिससे आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर कच्ची सड़कों और गलियों में फिसलन बढ़ने से पैदल चलने वाले और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखी गई, जिससे स्थानीय निवासियों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
बाजारों में भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। कीचड़ और फिसलन के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी समय पर पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिनों तक इसी तरह हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट हो सकती है। प्रशासन से लोगों ने सड़कों की सफाई और कुछ वार्डों में हुए जल भराव की निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।