
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी शिक्षक की करतूत ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। कक्षा नौ की एक 15 वर्षीय छात्रा को ट्यूशन पढ़ाने के बहाने बुलाकर आरोपी शिक्षक ने न केवल उसके साथ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना भी शुरू कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी गोपालपुर गांव के निवासी नीलेश गुर्जर से ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि 14 मार्च को जब छात्रा ट्यूशन पढ़ने पहुंची, तो नीलेश ने एकांत का फायदा उठाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
इस घटना से बुरी तरह सहमी छात्रा ने ट्यूशन जाना बंद कर दिया। छात्रा के न आने पर आरोपी शिक्षक ने उसे वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। डरी-सहमी छात्रा कई दिनों तक खामोश रही, लेकिन जब आरोपी ने हदें पार करते हुए एक बच्चे के हाथ छात्रा के घर अश्लील सामग्री भिजवाई, तो छात्रा फूट-फूटकर रोने लगी। परिजनों के पूछने पर उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। पुराना अपराधी है आरोपी शिक्षक
परिजनों ने बताया कि नीलेश गुर्जर का आचरण पहले से ही संदिग्ध रहा है। वह रामगंगा कटरी क्षेत्र के एक कॉलेज में पढ़ाई करता था, जहां उसने कई अन्य छात्राओं के साथ भी छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की थीं। उस समय छात्राओं की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन ने उसे कॉलेज से निष्कासित कर दिया था। स्कूल से निकाले जाने के बाद उसने घर पर ही ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया और फिर से मासूम बच्चियों को अपना निशाना बनाने लगा।



