Uncategorized
रजिस्ट्री आफिस स्थानांतरण पर वकीलों का विरोध तेज, जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
तहसील परिसर में ही बने रजिस्ट्री आफिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। तहसील लोनी बार एसोसिएशन ने ग्राम लोनी (चक्कनपुर बाहर) स्थित रूपनगर इंडस्ट्रियल एरिया के खसरा संख्या 1464/1 पर प्रस्तावित रजिस्ट्री ऑफिस खोले जाने पर अपना कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन ने इस संबंध में जिलाधिकारी गाजियाबाद को अपना ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि रजिस्ट्री ऑफिस को तहसील परिसर में ही स्थापित किया जाए। लोनी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित स्थल रूपनगर इंडस्ट्रियल एरिया चारों ओर से घनी आबादी और तंग गलियों से घिरा हुआ है। यहाँ न तो पार्किंग की सुविधा है और न ही उचित सड़क व्यवस्था। रोजाना आने-जाने वाले वाहनों से क्षेत्र में गंभीर जाम की स्थिति उत्पन्न होगी। बरसात के मौसम में यह क्षेत्र जलभराव की समस्या से भी ग्रस्त रहता है।एसोसिएशन के सचिव विजय आंनद का कहना है कि तहसील परिसर में ही पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, जहाँ रजिस्ट्री ऑफिस को स्थापित किया जाना अधिक उपयुक्त रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि तहसील परिसर में पहले से ही सभी अधिवक्ता और बेनामा लेखकों की मौजूदगी रहती है, जिससे आमजन को भी अपने काम कराने में आसानी होगी। कुलदीप नागर, उमेश कुमार, गिरीश चौधरी, देवेंद्र शर्मा, कुमारी लगतेश गोस्वामी, मोहित चौधरी, मौहम्मद आमिर, राजेन्द्र कुमार, जुबैर आलम, कामरान चौधरी, आदित्य मिश्रा ने ज्ञापन में आग्रह किया है कि प्रस्तावित योजना पर पुनर्विचार करते हुए रजिस्ट्री ऑफिस को तहसील परिसर में ही स्थानांतरित किया जाए


