बरेली

बरेली में एसटीपीआई के 75वें केंद्र का उद्घाटन, रुहेलखंड को मिलेगी नई उड़ान

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) ने बरेली में अपने 75वें केंद्र का उद्घाटन किया। इसका उद्घाटन केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने किया।
करीब 18.25 करोड़ रुपये के निवेश से 2 एकड़ भूमि पर विकसित यह केंद्र रोहिलखंड क्षेत्र में आईटी/आईटीईएस उद्यमों, स्टार्टअप्स और प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता को मजबूती देगा। एसटीपीआई के 75 केंद्रों में से 67 केंद्र टियर-2 और टियर-3 शहरों में हैं।
जितिन प्रसाद ने कहा कि यह केंद्र बरेली ही नहीं, पूरे रुहेलखंड के युवाओं के लिए ऐतिहासिक सौगात है। अब युवाओं को आईटी, स्टार्टअप, इनक्यूबेशन और नवाचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बरेली भी नोएडा, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर की तरह प्रमुख आईटी हब के रूप में उभरेगा। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि यह केंद्र युवाओं और स्टार्टअप्स को नए अवसर देगा। सांसद छत्रपाल गंगवार ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने कहा कि यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।
एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि बरेली केंद्र स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा और नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा देगा।
समारोह में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button