गोड्डा
पथरगामा में पीडीएस व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर
खाद्य आपूर्ति विभाग ने दी विशेष ट्रेनिंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
डीलरों को डिजिटल सिस्टम, समय पर वितरण और शिकायत निवारण की दी गई विस्तृत जानकारी
पथरगामा : खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड के तत्वावधान में पथरगामा प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना रहा। कार्यशाला में पीडीएस से जुड़े डीलरों एवं कर्मियों को खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। गोड्डा जिला से पहुंचे जिला आपूर्ति प्रधान लिपिक ने खाद्यान्न आवंटन, सुरक्षित भंडारण, सुचारु परिवहन तथा लाभुकों तक समय पर वितरण सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान वर्ष 2024 के नए दिशा-निर्देशों एवं प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीलरों को डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और शिकायत निवारण तंत्र के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते सुधारा जा सके।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र लाभुक को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय पर उपलब्ध हो और वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न हो। कार्यशाला में प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार सहित पीडीएस दुकानदार संजीव कुमार भगत, भोला प्रसाद भगत, अंजनी झा, श्याम लाल गुप्ता, उमेश भगत, अनिल रजक, मो. चिंतामणि, शेखर मंडल समेत बड़ी संख्या में डीलर उपस्थित रहे।



