गाजियाबाद
लोनी नगरपालिका क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार बने अव्यवस्था का कारण
जाम और अव्यवस्थित रेहड़ियों से आम नागरिक परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक बाजार अब आम जनजीवन के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। लोनी की अधिकांश कालोनियों में सप्ताह के अलग–अलग दिनों में लगने वाले इन बाजारों के चलते न केवल पैदल चलना दूभर हो गया है बल्कि यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा जाती है, बल्कि आम लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों की खरीदारी में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।विशेष रूप से लोनी का सोमवार बाजार सबसे अधिक अव्यवस्था का उदाहरण बन चुका है। बाजार लगने के दौरान दिल्ली–सहारनपुर मार्ग पर भारी भीड़ उमड़ पड़ती है, जिसके चलते घंटों तक दिल्ली बागपत मार्ग व लोनी गाजियाबाद मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंस जाते हैं, जिससे स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और आपातकालीन सेवाएं तक प्रभावित होती हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के दौरान सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से रेहड़ी–पटरी लग जाती हैं। अधिकांश दुकानदार अपनी रेहड़ियों को आड़ी–तिरछी खड़ी कर देते हैं, जिससे बाजार के भीतर पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। खरीदारी करने आने वाले लोगों को भीड़ और अव्यवस्था के कारण धक्का–मुक्की का सामना करना पड़ता है, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों को खास तौर पर परेशानियों से जूझना पड़ता है।स्थिति यह है कि बाजार के लिए कोई निश्चित स्थान या व्यवस्थित लेआउट न होने के कारण सड़कें ही बाजार में तब्दील हो जाती हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजारों के लिए अलग स्थान चिन्हित किया जाए और रेहड़ी–पटरी वालों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जाए। साथ ही यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा नियमित निगरानी की भी आवश्यकता जताई जा रही है।
यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में लोनी के साप्ताहिक बाजार आम लोगों की सुविधा के बजाय परेशानी का बड़ा कारण बने रहेंगे।

