कैराना

शत्रु संपत्ति पर नाला निर्माण! नियमों को ताक पर रख नगर पालिका उड़ा रही सरकारी धन?

-जहां न आबादी, न जलभराव… फिर किसके लिए बन रहा नाला, सबमर्सिबल तोड़ा, ट्रांसफार्मर की जाली हटाने का भी प्रयास

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
कैराना। नगर में शत्रु संपत्ति पर कराए जा रहे नाला निर्माण को लेकर नगर पालिका परिषद सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि सरकार द्वारा घोषित शत्रु संपत्ति पर बिना स्पष्ट आवश्यकता और नियमों की अनदेखी करते हुए नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस दिशा में नाला बनाया जा रहा है, वहां न तो कोई आबादी है और न ही जल निकासी की कोई वास्तविक समस्या दिखाई देती है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस आधार पर इस स्थान को नाला निर्माण के लिए चुना गया।
जानकारों का कहना है कि शत्रु संपत्ति केंद्र सरकार के अधीन होती है और उस पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कराने से पहले संबंधित विभागों से अनुमति लेना आवश्यक होता है। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा इस भूमि पर नाला निर्माण कराए जाने से नियमों की अनदेखी की आशंका गहराती जा रही है।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बिना जरूरत के ऐसे निर्माण कार्य कराकर सरकारी धन की बर्बादी की जा रही है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले से बेखबर बने हुए हैं। लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और नाला निर्माण से संबंधित स्वीकृति व दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।बताया जाता है कि नाला निर्माण कराने की जल्दबाजी में ठेकेदार ने वहां पहले से लगा नगर पालिका का सबमर्सिबल भी तुड़वा दिया, जिससे सड़क पर पानी फैलने लगा। इतना ही नहीं, पास में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर की सुरक्षा जाली को भी हटाने के लिए विद्युत टीम को बुलाने का प्रयास किया गया। मुख्य मार्ग होने के कारण वहां से स्कूली बच्चे और राहगीर भी गुजरते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। बाद में वार्ड सभासद मोहसिन के प्रयासों से वहां बैरिकेडिंग कराई गई, जिससे संभावित दुर्घटना टल सकी।उधर, इस पूरे मामले में नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। नगर में यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर नियमों को दरकिनार कर यह निर्माण कार्य किसके इशारे पर कराया जा रहा है। वही जब इस सम्बंध में कैराना नगर पालिका अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप से जानकारी करने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं कि। इस संबन्ध में तहसीलदार कैराना अर्जुन चौहान का कहना है कि शत्रु संपत्ति पर नाला निर्माण की शिकायत मिली थी, जिसके बाद ईओ कैराना को बुलवाकर निर्माण को रोक दिया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button