कैराना

दो लाख रुपये के विवाद में बेटे पर टूटा कहर

पिता-भाई पर जानलेवा हमले का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव जहानपुरा में पैसों के लेनदेन को लेकर खून के रिश्ते शर्मसार हो गए। उधार दिए गए दो लाख रुपये वापस मांगना एक युवक को भारी पड़ गया, जब उसके ही पिता और भाई ने उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर बचाया। आरोप है कि हमलावरों ने बाद में पीड़ित की पत्नी को भी तमंचे के बल पर धमकाते हुए मारपीट की।
गांव जहानपुरा निवासी शाहरुख पुत्र कौशर ने कोतवाली कैराना में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता कौशर और भाई आवेस ने उससे करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीतने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो दोनों उससे रंजिश रखने लगे।आरोप है कि तीन अप्रैल की शाम करीब साढ़े छह बजे शाहरुख गांव की मस्जिद के पास खड़ा था। इसी दौरान उसके पिता कौशर, भाई आवेस और उनके दो अज्ञात साथी वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला बोल दिया। बताया गया कि आवेस ने धारदार हथियार से शाहरुख के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं पिता कौशर ने लाठी-डंडों से कई वार किए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल युवक को बचाया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी आवेस उसके घर पहुंच गया और उसकी पत्नी को तमंचा दिखाकर डराया-धमकाया तथा उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पिता, भाई समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button