ललितपुर

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गोष्ठी आयोजित

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। सीएमओ कार्यालय सभागार में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रभारी सीएमओ डा.अमित तिवारी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है कि हम अपने स्वास्थ्य को जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं। कहा कि बीते वर्षों में वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों ने यह सिखाया है कि मजबूत स्वास्थ्य प्रणाली के बिना सामाजिक और आर्थिक विकास संभव नहीं है। स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होने की अवस्था है। गोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान जीवनशैली में आए बदलावों के कारण मधुमेह, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। फास्ट फूड और प्रोसेस्ड डाइट के बढ़ते प्रचलन से पारंपरिक और पोषक आहार की उपेक्षा हो रही है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पैदल चलने और योग को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को भी उतना ही महत्वपूर्ण बताते हुए तनाव, चिंता और अवसाद से बचाव के लिए ध्यान, पर्याप्त नींद और सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता, टीकाकरण, पर्यावरण संरक्षण और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को भी स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदूषण एक गंभीर खतरा है, जिससे बचाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। अंत में डा.अमित तिवारी ने सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए लोगों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि हमें केवल स्वयं ही स्वस्थ नहीं रहना है, बल्कि समाज में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलानी है, ताकि हर व्यक्ति स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सके। इस दौरान सीएमओ कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button