कैराना
ड्रग्स तस्करों की तलाश में एनसीबी की कैराना में ताबड़तोड़ दबिश
बराला व पावटी कला में छापेमारी, निशानदेही के बावजूद आरोपी फरार
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हरियाणा के यमुनानगर स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने गुरुवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश दी। टीम ने गांव बराला और पावटी कला में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग सके।
जानकारी के अनुसार, एनसीबी यमुनानगर की टीम एसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में कैराना कोतवाली पहुंची, जहां उन्होंने आमद दर्ज कराई। इसके बाद टीम ने झिंझाना क्षेत्र से गिरफ्तार ड्रग्स तस्करी के आरोपी चांद मियां की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए गांव बराला निवासी मोहसिन की तलाश में दबिश दी। इसके साथ ही टीम ने गांव पावटी कला में शौकीन नामक आरोपी की तलाश में भी छापेमारी की। इस दौरान स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कई संभावित ठिकानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, घंटों चली कार्रवाई के बावजूद दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। इसके चलते एनसीबी टीम को बैरंग लौटना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के लिए फिर से दबिश दी जाएगी। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

