कैराना
भैंस चोरी कांड में हरियाणा पुलिस की कैराना में ताबड़तोड़ दबिश
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी, हाथ नहीं लगे संदिग्ध
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। हरियाणा के जींद जनपद में दर्ज भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए-4 की टीम ने गुरुवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र में दबिश दी। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन कोई भी आरोपी हाथ नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार, जींद (हरियाणा) से सीआईए-4 की टीम एएसआई राजेश के नेतृत्व में कैराना कोतवाली पहुंची। यहां उन्होंने आमद दर्ज कराते हुए स्थानीय पुलिस को साथ लिया और पहले से गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। एएसआई राजेश ने बताया कि जींद थाने में भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज है, जिसमें कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कैराना क्षेत्र में अन्य साथियों के होने की जानकारी दी थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इसके चलते हरियाणा पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।

