बागपत
शूटिंग के बीच बिगड़ी तबीयत
डॉ. संजय जैन की पहली खुराक से संभले क्षेत्र के चर्चित कॉमेडियन नौरंग उस्ताज़

वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र मलानिया की तत्परता से समय पर पहुंचाए गए सन्मति हॉस्पिटल, गांधी रोड बड़ौत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत। क्षेत्र के लोकप्रिय कॉमेडियन और कलाकार राजेंद्र कश्यप उर्फ नौरंग उस्ताज़ की वेब सीरीज “भाषी ओए” की शूटिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से सेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शूटिंग में व्यस्त कलाकारों और सहयोगियों के बीच चिंता बढ़ गई, लेकिन इसी दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र मलानिया ने तत्परता दिखाते हुए नौरंग उस्ताज़ को तत्काल डॉ. संजय जैन के सन्मति हॉस्पिटल, गांधी रोड बड़ौत पहुंचाया, जहां समय रहते उपचार मिलने से स्थिति नियंत्रण में आ गई।
हॉस्पिटल में चिकित्सक डॉ. संजय जैन ने बिना देर किए आवश्यक परीक्षण कराए और प्राथमिक उपचार शुरू किया। बताया गया कि पहली ही खुराक के बाद नौरंग उस्ताज़ की तबीयत में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला, जिससे उनके साथ मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। चिकित्सकीय देखरेख के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद नौरंग उस्ताज़ ने डॉ. संजय जैन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सजगता, अनुभव और उपचार शैली ने उन्हें बेहद कम समय में राहत दी। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि यदि भविष्य में कभी डॉक्टर साहब को उनकी जरूरत पड़ी, तो वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े मिलेंगे।
नौरंग उस्ताज़ ने वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र मलानिया का भी विशेष आभार जताया, जिनकी सूझबूझ और तेजी के चलते समय पर इलाज संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि संकट के समय सही व्यक्ति का साथ मिलना किसी वरदान से कम नहीं होता।
ज्ञातव्य हो कि नौरंग उस्ताज़ क्षेत्र में अपनी अनोखी कॉमिक शैली, मंचीय प्रस्तुति और सामाजिक हास्य व्यंग्य के कारण बेहद लोकप्रिय हैं। वे न केवल मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान रखते हैं, बल्कि स्थानीय कला जगत के बड़े चेहरों में भी गिने जाते हैं।
“भाषी ओए” की शूटिंग के बीच घटी इस घटना ने यह भी साबित किया कि स्वास्थ्य के प्रति सजगता और समय पर चिकित्सकीय सुविधा किसी भी बड़ी परेशानी को टाल सकती है। क्षेत्रीय कला जगत से जुड़े लोगों ने भी नौरंग उस्ताज़ के शीघ्र स्वस्थ होने पर खुशी जताई है।


