दिल्ली

लालकिला मैदान में दिव्यांगों के लिए लगा मेगा हेल्थ कैंप

458 को मिले सहायक उपकरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली। दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए गुरुवार को लालकिला मैदान में मेगा हेल्थ कैंप लगाया गया। लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित इस शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, नारायण सेवा संस्थान उदयपुर, तारा संस्थान और एलप्स के सहयोग से बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर में दिव्यांगजनों को 3डी प्रिंटेड मॉड्यूलर कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना और चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने लाभार्थियों को उपकरण सौंपे।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए देशभर में सामाजिक अधिकारिता शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि 76 स्थानों पर आयोजित इन शिविरों के जरिए 58 हजार से अधिक दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को करीब 68 करोड़ रुपये की लागत के उपकरण निःशुल्क दिए गए।

चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र में 458 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उन्होंने इसके लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।

शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र और श्रवण संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। तारा संस्थान की ओर से आंखों की जांच कर जरूरतमंदों को चश्मे दिए गए। मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन और उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। वहीं, एलप्स संस्थान की ओर से श्रवण यंत्र वितरित किए गए।

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को आसान बनाने में मददगार हैं। कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन और महासचिव सुभाष गोयल ने शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button