
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : तहसील फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। शिकायतकर्ता बांकेलाल पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम करनपुर, ने थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका पुत्र संजू 26 अप्रैल की रात करीब 8 बजे अपनी बाइक (संख्या UP 25 EB 4870) से करनपुर से केसरपुर अड्डे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर चालक प्रदीप उर्फ प्रधान पुत्र ठाकुरदास, निवासी ग्राम करणपुर (इलाका शंकरपुर, थाना फरीदपुर) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में संजू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल फरीदपुर के ग्राम बकानिया स्थित ओम बत्रा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे अन्यत्र रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे वरुण रोहिलखंड अस्पताल, जिला शाहजहांपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पिता ने 30 अप्रैल को थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



