जिलाधिकारी ने तहसील मुख्यालयों में आयोजित होने वाले जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग की करी शुरुआत
खंड विकास अधिकारियों और अधिशाषी अधिकारियों के कार्यालयों के जनता दर्शन की भी लाइव मॉनिटरिंग किये जाने के दिए निर्देश

आमजनों की समस्याओं का हो त्वरित और प्रभावी निस्तारण
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु उपजिलाधिकारियों द्वारा तहसील मुख्यालयों में सुबह 10 से 12 बजे दैनिक रूप से आयोजित होने वाले जनता दर्शन की आज से लाइव मॉनिटरिंग की जनपद मुख्यालय से शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आमलोगों की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण और कुशल प्रशासन को प्रभावी बनाने हेतु कुछ दिन पहले जिलाधिकारियों द्वारा की जाने वाली जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग की शुरुआत की गयी थी ।उसी व्यवस्था को जनपद स्तर पर भी लागू करते हुए आज से सभी तहसीलों में आयोजित होने वाले जनता दर्शन कार्यक्रम की लाइव मॉनिटरिंग की शुरुआत की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलों में उपस्थित उपजिलाधिकारी गण से वर्चुअल बातचीत की और निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में से एक है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस प्रकार तहसीलों मुख्यालय में जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग अब नियमित रूप से की जाएगी उसी प्रकार सभी खंड विकास अधिकारी कार्यालयों और नगर निकायो के अधिशासी अधिकारी कार्यालयों में सुबह 10 से 12 बजे की जाने वाली जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग तहसील मुख्यालय से किया जाना सुनिश्चित किया जाए।



