बागपत
बंगाल-असम में भाजपा की जीत पर बागपत में जश्न
जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा बोले— मोदी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत की ऐतिहासिक विजय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता पर बागपत जनपद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। भाजपा जिला कार्यालय पर ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और लड्डू वितरण के साथ जीत का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संगठन की रणनीति और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत की जीत बताया।
जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों, विकासवादी सोच और मजबूत नेतृत्व पर विश्वास जता रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा ने न केवल विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, बल्कि देश के हर क्षेत्र में जनता का भरोसा भी मजबूत किया है।
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए नीरज शर्मा ने कहा कि बंगाल में लंबे समय से भय, हिंसा और राजनीतिक आतंक का जो माहौल बना हुआ था, वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने विषम परिस्थितियों में भी साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष किया और कमल खिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जीत उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं के साहस, समर्पण और संघर्ष की जीत है।
उन्होंने कहा कि असम और बंगाल के परिणामों ने यह साबित किया है कि जनता अब विकास, सुरक्षा और सुशासन चाहती है। भाजपा की नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास ने विपक्षी दलों की राजनीति को करारा जवाब दिया है।
जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाया। जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। पूरे परिसर में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारों से वातावरण गूंज उठा।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जिलाध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर विकास और सुशासन की राजनीति को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों की नकारात्मक राजनीति को जनता पूरी तरह नकार देगी और भाजपा पुनः ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमित चौधरी, अजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुनील राठी, अनिल तोमर, कुलदीप भारद्वाज, अनिल चौहान, राजकुमार चौहान, जिला मंत्री एडवोकेट अंकित लाकड़ा, अंजू कश्यप, सुंदर धामा, दीपक भारती, कर्मवीर, डॉ. विनय त्यागी, अंकुश जैन, अमित उपाध्याय, आईटी संयोजक सन्नी गुप्ता, आशीष तावनी, नवीन प्रधान, प्रभात तोमर, दिनेश प्रधान, डॉ. मनीष कुशवाहा, सुनील दीक्षित, शेर सिंह गुर्जर, अक्षय कुमार, राहुल कश्यप, डॉ. गोल्डी कुशवाहा, विकल शर्मा, जागेश चौधरी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



