
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत सुंदरडैम जलाशय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर श्री पवन बाघ मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त द्वारा जलाशय की वर्तमान स्थिति, जल संग्रहण क्षमता, तटबंधों की मजबूती, नवनिर्मित गेस्ट हाउस, कैफेटेरिया का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलाशय के संरक्षण, मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान इको-टूरिज्म भवन, कैचमेंट एरिया, और कनेक्टिंग ब्रिज के निर्माण की योजना, डैम के पास पार्क, बाउंड्री वॉल और बच्चों के लिए झूले लगाने पर विचार विमर्श किया गया।। स्थानीय लोगों के द्वारा बताया गया कि यहां प्रत्येक वर्ष जनवरी में झारखंड, बिहार, और बंगाल के सैलानियों सुंदर जलाशय का लुत्फ लेने आते हैं। उपायुक्त ने कहा कि सुंदरडैम जलाशय क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण जलस्रोत है, जिसका समुचित संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जलाशय के आसपास अतिक्रमण रोकने, जल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही उन्होंने पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्थल के सौंदर्यीकरण, पौधारोपण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपस्थित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने एवं प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बोआरीजोर, अंचलाधिकारी बोआरीजोर , स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित प्रखंडकर्मी उपस्थित थे।




