अमरोहा

क्षेत्र के गांव मंगरौला के नजदीक बनी दिक्कत

अफसरों से समाधान की गुहार लगाई

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा हसनपुर । गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास से जल निकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। किसानों के संग ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि तहसील क्षेत्र के 25 गांवों से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे का अंडरपास मंगरौला के नजदीक बना हुआ है। इस अंडरपास से मंगरौला व दौलतपुर कला के ग्रामीणों का आवागमन होता है। हल्की बूंदाबांदी में भी अंडरपास पानी से भर जाता है। इसकी वजह जल निकासी की व्यवस्था न होना बताया जा रहा है, जिसके चलते दोनों गांवों का संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। तमाम ग्रामीणों व किसानों को प्रतिदिन अंडरपास से होकर गुजरना पड़ता है। एक-दूसरे गांव में शिक्षा ग्रहण करने जाने वाले स्कूली बच्चे भी जल भराव से होकर गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बहुत नीचा बनाया गया है। चारों तरफ से पानी के साथ मिट्टी आने से यहां कीचड़ जमा हो जाती है, जिससे दलदल भी हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर लगभग सभी जगह अंडरपास नीचे बना दिए गए हैं, जिसकी वजह से बरसात में पानी भरने से लोग परेशान हो रहे हैं। मंगरौला गांव निवासी सुनील कुमार, काविंद्र व पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों से जलभराव की समस्याओं को बताया गया था लेकिन, उन्होंने निराकरण का कोई उपाय नहीं किया। जिसका खामियाजा दोनों गांवों के करीब चार हजार लोगों को भुगतना पड़ रहा है। समस्या समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद अंडरपास के जल भराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा। जल निकासी का समुचित इंतजाम होने से समस्या से स्थाई रूप से मुक्ति मिल जाएगी। : राकेश कुमार मोगा, एक्सईएन यूपीडा
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button