हजारीबाग
उपायुक्त की अध्यक्षता में डीएमएफटी प्रबंधन समिति एवं आकांक्षी प्रखंडों के सूचकांकों की समीक्षा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ उपायुक्त ने बुधवार को डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) प्रबंधन समिति एवं नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत प्रखंडों के प्रमुख सूचकांकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक नीति आयोग द्वारा आकांक्षी प्रखंडों के प्रमुख सूचकांकों के लिए प्राप्त राशि एवं उससे संबंधित योजनाओं की प्रगति एवं पूर्णता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष जोर दिया। डीएमएफटी प्रबंधन समिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने इस मद की राशि का समुचित सदुपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि भवन निर्माण जैसी योजनाएं पूर्ण होते ही संबंधित विभागों को तत्काल हैंडओवर किया जाए, ताकि उनका उपयोग शीघ्र प्रारंभ हो सके। साथ ही भूमि उपलब्धता की समस्या अथवा वन विभाग से एनओसी के अभाव में लंबे समय से लंबित योजनाओं को निरस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी कारणवश कार्य प्रारंभ नहीं हो पाने की स्थिति में संबंधित विभाग यथाशीघ्र इसकी जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित किया जाए ताकि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके। बैठक में उपायुक्त ने डीएमएफटी मद से दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध कराए गए ट्राईसाइकिल को समाज कल्याण पदाधिकारी के माध्यम से शीघ्र ही जरूरतमंद लाभुकों के बीच वितरित करने का निर्देश दिया। डीएमएफटी मद से सदर अस्पताल में उपलब्ध कराए गए विभिन्न चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन, हेल्थ मैनेजर आदि के कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह,एसडीओ आदित्य पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी विभिन्न कार्यकारी एजेंसी व अन्य मौजूद थे।



