साहेबगंज स्टेशन चौक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, केंद्र सरकार का पुतला दहन
Congress protests at Sahibganj Station Chowk, burns effigy of Central Government

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी, साहेबगंज द्वारा स्टेशन चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। महंगाई एवं केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। शनिवार अपराह्न करीब 3:30 बजे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता स्टेशन चौक पर जुटे और पेट्रोल-डीजल, दूध तथा सीएनजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद केंद्र सरकार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों से सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल, दूध और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग परेशान हैं, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। कार्यक्रम में अनुकूल चंद्र मिश्रा, बासुकीनाथ यादव, मोहम्मद कलीमुद्दीन, सरफराज आलम, नित्यानंद गुप्ता, राम श्रृंगार ओझा, ऐनुल हक अंसारी, भोलानाथ महतो, सुनील पासवान, मिथुन मंडल, मो. सलाहुद्दीन, अनिल पांडेय, उमेश कुमार पांडेय, अनंत लाल भगत, सईद अख्तर, मो. बदरुद्दोजा, रणजीत टुडू, मैनुल हक, यमुना दास, मो. रिज़वान सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



