गोड्डा
मुलाकातियों के लिए जेल परिसर में विशेष शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : नालसा के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जिला जेल में आने वाले मुलाकातियों के अधिकार सुनिश्चित कराने को लेकर प्राधिकार के अध्यक्ष रमेश कुमार व सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर विशेष शिविर लगाया गया है। डालसा टीम में शामिल एलएडीसी चीफ संजय कुमार सहाय ने बताया कि बंदियों के साथ- साथ मुलाकातियों के अधिकार को सुनिश्चित कराने को लेकर यह शिविर आयोजित किया गया है। नालसा का उद्देश्य है कि न्याय सबको सुलभ हो। ऐसे में आर्थिक अभाव में उचित जानकारी के अभाव में कोई न्याय से वंचित नहीं रहे इसीलिए मुलाकातियों के साथ- साथ बंदियों की पूरी जानकारी ली जा रही है। सभी बंदियों के लिए मुफ्त विधिक सहायता की व्यवस्था है। कहा कि नालसा स्पृहा योजना कैदियों, विचाराधीन कैदियों और उनके आश्रितों को कानूनी और सामाजिक सहायता प्रदान करने के लिए है। यह कैदियों, विचाराधीन कैदियों और उनके आश्रितों को कानूनी सहायता, परामर्श और पुर्नवास प्रदान करती है ताकि समाज में उनके फिर से जुड़ने में आसानी हो और अपराध दोहराने की प्रवृत्ति कम हो। इसका उद्देश्य अपराध के उन पीड़ितों और जेल में बंद लोगों के परिवारों को सहारा देना जिन्हें अक्सर नजर अंदाज कर दिया जाता है। उन्हें समग्र देखभाल, कानूनी व मनोवैज्ञानिक, आर्थिक सहायता प्रदान करना है। मौके पर एलएडीसी राहुल कुमार, आयुष राज, अधिकार मित्र नवीन कुमार, अविनाश सिंहा, धनंजय कुमार, मिथुन कुमार, कुंदन व राकेश कुमार आदि उपस्थित थे।



