बरेली
22 मई को बरेली में होगी मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी, तीन मंडलों के अधिकारी लेंगे हिस्सा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों को लेकर अलीगढ़, आगरा एवं बरेली मंडल की संयुक्त ‘मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2026’ का आयोजन 22 मई, शुक्रवार को बरेली में किया जाएगा।
मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि उत्पादन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में यह गोष्ठी पूर्वाह्न 10:30 बजे आईवीआरआई संस्थान, इज्जतनगर स्थित विवेकानंद ऑडिटोरियम के प्रेक्षागृह में आयोजित होगी। गोष्ठी में तीनों मंडलों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक एवं प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। बैठक में खरीफ फसलों के लिए बीज, खाद, सिंचाई, कीट प्रबंधन तथा किसानों को समय से कृषि निवेश उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही पिछले वर्ष की उत्पादकता की समीक्षा कर चालू खरीफ सीजन के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे।
मंडलायुक्त ने बताया कि शासन का उद्देश्य खरीफ सीजन में उत्पादकता बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना है। इसके लिए तीनों मंडलों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा नई तकनीकों, उन्नत बीजों एवं फसल चक्र की जानकारी भी किसानों को दी जाएगी।



