बरेली

फाल्ट ठीक करते समय तार में दौड़ा करंट

संविदा लाइनमैन की मौत, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, हंगामा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में बुधवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक संविदाकर्मी की जान ले ली। संजय नगर इलाके में बिजली का फाल्ट ठीक करने गए संविदा लाइनमैन मोहम्मद निजाम की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और साथी कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग शव लेकर बारादरी थाने पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
बारादरी के काकर टोला निवासी 47 वर्षीय मोहम्मद निजाम पिछले करीब 25 वर्षों से बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के रूप में काम कर रहे थे। परिवार में पत्नी नाजिमा और सात बच्चे हैं। बताया गया कि बुधवार दोपहर संजय नगर इलाके में बिजली फाल्ट की शिकायत आने पर उन्हें मौके पर भेजा गया था। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों के मुताबिक मोहम्मद निजाम बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। तेज झटके से वह करीब 25 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अगर शटडाउन लिया होता तो पिता जिंदा होते
मृतक के बेटे रिजवान ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि पावर हाउस से कॉल आने पर उनके पिता फाल्ट ठीक करने गए थे, लेकिन लाइन का शटडाउन नहीं लिया गया था। रिजवान का कहना है कि अगर समय रहते सप्लाई बंद कराई गई होती तो यह हादसा नहीं होता और उसके पिता की जान बच सकती थी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद विभाग के दो कर्मचारी मोहम्मद निजाम को गंगाशील अस्पताल छोड़कर वहां से चले गए। परिवार को सिर्फ इतना बताया गया कि एक्सीडेंट हो गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मोहम्मद निजाम के सगे भतीजे की शादी मंगलवार को ही हुई थी। बुधवार को घर में दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम होना था, लेकिन उससे पहले ही हादसे की खबर आ गई। जिस घर में शहनाइयां बज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना से नाराज संविदा कर्मचारी और स्थानीय लोग शव लेकर बारादरी थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। लोगों का कहना था कि विभाग अब अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए शटडाउन लेने का दावा कर रहा है।
मुआवजे और नौकरी की मांग
परिजनों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि मोहम्मद निजाम ही पूरे परिवार का सहारा थे। बारादरी पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी। यदि जांच में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के  कार्यवाही की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button