
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। थाना परिसर से महज बीस कदम की दूरी पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया। हैरानी की बात यह रही कि थाना नजदीक होने के बावजूद काफी देर तक दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मुक्कों और लात-घूसों की बरसात करते रहे, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक शुरू हुआ और देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग सड़क पर ही भिड़ गए। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया। कई लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोगों के सामने किसी की एक नहीं चली।
बताया जा रहा है कि यह घटना लोनी बॉर्डर थाना के बराबर में स्थित एक फल विक्रेता की दुकान के सामने हुई। मारपीट के दौरान किसी भी पक्ष में पुलिस का भय नजर नहीं आया। काफी देर तक चले हंगामे के कारण वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
घटना का वीडियो भी किसी राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष खुलेआम एक-दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास लोग तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना नजदीक होने के बावजूद समय पर पुलिस का मौके पर न पहुंचना गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



