
नपाध्यक्ष सोनाली जैन व भाजपा जिला मंत्री सोनाली बबेले ने किया शुभारंभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भीषण गर्मी के बीच नगरवासियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा विभिन्न वार्डों में शीतल पेयजल की व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड नंबर 26 महावीरपुरा स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास नवनिर्मित वाटर कूलर का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। नपाध्यक्ष सोनाली जैन, भाजपा जिला मंत्री सोनाली बबेले, संध्या पाठक एवं विवेक जैन ने संयुक्त रूप से पूजन-अर्चन कर वाटर कूलर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उपस्थित लोगों को शीतल पेयजल वितरित किया गया। नपाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका परिषद नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रत्येक वार्ड में प्राथमिकता के आधार पर वाटर कूलर स्थापित कराए जा रहे हैं, ताकि राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाना परिषद की प्राथमिकता है और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गा माता मंदिर के पास वाटर कूलर लगने से प्रतिदिन आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और मोहल्लेवासियों को गर्मी में बड़ी राहत मिलेगी। वाटर कूलर शुरू होने के बाद वार्डवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस दौरान सेवानिवृत्त वरिष्ठ लिपिक रमाकांत तिवारी, नवीन जैन, बृजेश बबेले, कुशाग्र पाठक, बद्री कुशवाहा सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

