ललितपुर

 बुन्देलखण्ड की तस्वीर बदलेगा ललितपुर का फार्मा पार्क

हजारों युवाओं को मिलेंगे रोजगार : मंत्री नन्दी

औद्योगिक विकास मंत्री ने निर्माणाधीन बल्क ड्रग फार्मा पार्क का किया निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी सोमवार को जनपद मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर ग्राम सैदपुर स्थित निर्माणाधीन बल्क ड्रग फार्मा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग उत्तर प्रदेश आलोक कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री ने प्रोजेक्ट मॉडल एवं साइट मैप का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ललितपुर का यह फार्मा पार्क बुन्देलखण्ड की तस्वीर बदलने वाला साबित होगा और इससे हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
बीडा से बुन्देलखण्ड के औद्योगिक विकास को मिली नई गति
औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बुन्देलखण्ड की उपेक्षा की, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडा) का गठन कर क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि ललितपुर में विकसित हो रहा बल्क ड्रग फार्मा पार्क देश-दुनिया की बड़ी कंपनियों को आकर्षित करेगा, जिससे स्थानीय युवाओं, किसानों और व्यापारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड में इस स्तर का औद्योगिक निवेश क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में यहां के लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
प्रथम चरण में पांच औद्योगिक भूखण्डों का आवंटन
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ग्राम सैदपुर में 1472 एकड़ क्षेत्रफल में देश का सबसे बड़ा बल्क ड्रग फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। प्रथम चरण में 352.91 एकड़ भूमि पर विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार अब तक पांच औद्योगिक भूखण्डों का आवंटन किया जा चुका है और कई बड़ी कंपनियों ने निवेश में रुचि दिखाई है। यूपीसीडा अधिकारियों ने बताया कि प्रथम पैकेज के तहत लगभग 109.98 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, फायर फाइटिंग बिल्डिंग, एडमिन बिल्डिंग, एंट्री गेट, लैण्डस्केपिंग और बाउंड्रीवाल जैसे कार्य कराए जा रहे हैं, जिन्हें दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पर्यावरण संतुलन के लिए किया वृक्षारोपण
निरीक्षण के उपरांत मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव ने फार्मा पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
सड़क चौड़ीकरण और पाइपलाइन परियोजना भी प्रगतिरत
बैठक में बताया गया कि फार्मा पार्क तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एमडीआर-35बी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। वहीं जामिनी डैम से फार्मा पार्क तक 26 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की योजना भी प्रगतिरत है, जिसकी एनओसी सिंचाई विभाग द्वारा जारी की जा चुकी है। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीसीडा अनीता यादव, उपमहाप्रबंधक यूपीसीडा सलिल यादव, उप जिलाधिकारी महरौनी रजनीश बाजपेयी, उप जिलाधिकारी मड़ावरा मदन मोहन गुप्ता, वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) यूपीसीडा सत्यपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button