सीएमओ बोले, बेहतर पोषण से बढ़ेगी रोग प्रतिरोधक क्षमता
टीबी उन्मूलन में जनसहभागिता जरूरी
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र में टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षयरोग से ग्रसित मरीजों के पोषण स्तर में सुधार कर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना है, ताकि मरीज जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने कहा कि क्षयरोगियों की बेहतर देखभाल और पोषण के लिए मरीजों को गोद लेने की योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि आमजन, अधिकारी एवं समाजसेवी संगठन टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। गोद लिए गए मरीजों को नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध कराई जाती है। डा.सौरभ ने कहा कि टीबी एक पूर्ण रूप से इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करें और पर्याप्त पोषण प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि पोषण पोटली जैसी पहल मरीजों के उपचार को प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाती है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि हर मरीज को दवा के साथ-साथ उचित पोषण भी मिले। उन्होंने आगे कहा कि जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है और इस अभियान की सफलता के लिए सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। आमजन को टीबी मरीजों को गोद लेने और नि:क्षय मित्र बनकर मरीजों की मदद करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान जिला क्षयरोग अधिकारी डा.रामनरेश सोनी, परामर्शी चिकित्सक डा.जे.एस. बक्शी, जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र के पीपीएम आदेश श्रीवास्तव, डीपीसी शिवराम सिंह, डीपीटीसी मनोज गुप्ता, टीबीएचवी विकास कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


