युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में शिक्षण संस्थान निभाएं सक्रिय भूमिका : डीएम
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ की बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत पात्र युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए शिक्षण संस्थानों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज, मेडिकल कॉलेज एवं आईटीआई के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा मतदाता बनने की निर्धारित अर्हता रखने वाले युवाओं का पंजीकरण कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में सभी शिक्षण संस्थान अपने यहां अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करें और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी देकर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी तथा जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य उपस्थित रहे।



