मथुरा
गोवर्धन परिक्रमा में तबियत बिगड़ने से रिटायर इंस्पेक्टर की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन थाना क्षेत्र में परिक्रमा में पूंछरी के लौठा के समीप अचानक तबीयत बिगड़ने से अलीगढ़ निवासी रिटायर इंस्पेक्टर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भिजवाया। इसकी जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। अधिक मास में ब्रज में श्रद्धालु परिक्रमा लगा पुण्य के भागी बन रहे हैं। लोग इस दौरान ब्रज चौरासी कोस के अलावा गिर्राज महाराज व वृंदावन, राधारानी की परिक्रमा लगा रहे हैं। दिल्ली पुलिस में इंस्पेक्टर के पद से रिटायर विजयपाल सिंह, मूल निवासी इगलास, अलीगढ़ साथियों के साथ गिर्राज महाराज की परिक्रमा दे रहे थे। सुबह करीब चार बजे पूंछरी के लौठा के समीप अचानक उनकी तबीयत खराब हो गयी। इसे देख उनके साथी तत्काल उन्हें उपचार को सीएचसी गोवर्धन ले गये। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। साथियों ने बताया कि वह प्रतिमाह गिर्राज परिक्रमा लगाने आते थे। वर्तमान में वह दिल्ली स्थित वेस्ट विनोद नगर में मकान बना कर परिवार के साथ रह रहे थे।



