ललितपुर
पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
डीएम सत्य प्रकाश और एसपी मो. मुश्ताक ने रैन बसेरों व रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर भर्ती-2025 की प्रवेश परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन दिवसीय परीक्षा 8 से 10 जून तक आयोजित होगी, जिसके लिए जनपद में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने हेतु जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के सामने स्थित डूडा संचालित रैन बसेरा तथा सदर कोतवाली के सामने नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरा को अस्थायी आवास के रूप में तैयार किया गया है। इन दोनों स्थानों पर अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क ठहरने, शयन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रविवार रात्रि जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने इन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। सबसे पहले उन्होंने डाइट परिसर के सामने स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया, जहां पहले से कुछ अभ्यर्थी ठहरे हुए मिले। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें रेलवे स्टेशन पर लगाए गए सूचना बोर्ड, नक्शों और स्थानीय लोगों के माध्यम से रैन बसेरों की जानकारी मिली तथा यहां उपलब्ध सुविधाएं संतोषजनक हैं। इसके बाद डीएम और एसपी ने सदर कोतवाली के सामने स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। यहां उस समय कोई अभ्यर्थी नहीं ठहरा था, लेकिन सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त कूलर लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के क्रम में दोनों अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सूचना केंद्रों तथा अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को रैन बसेरों एवं अन्य सुविधाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा परीक्षा अवधि के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था के साथ सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अभ्यर्थियों के ठहरने, आवागमन, सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज, थाना प्रभारी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लगाए गए सूचना बोर्ड
परीक्षा में शामिल होने वाले बाहरी जनपदों के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सूचना पट्ट और दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से रैन बसेरों एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।



