जालौन

जानलेवा बनी सड़क कटान, दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित

 विलौहां गेट के पास दो वर्ष से क्षतिग्रस्त मार्ग पर लघु सेतु निर्माण की मांग तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जगम्मनपुर (जालौन)। तहसील माधौगढ़ के विकासखंड रामपुरा क्षेत्र में जगम्मनपुर से लिड़ऊपुर, बहादुरपुर होते हुए कुठौंद को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग पिछले लगभग दो वर्षों से गहरी कटान के कारण बाधित है। विलौहां गेट के निकट तेज जल प्रवाह से सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने से यहां करीब 30 फुट चैड़ी और 20 फुट गहरी कटान बन गई है, जो राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कटान बनने के बाद से इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। गहरे गड्ढे में गिरने से अनेक राहगीर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों की असमय मृत्यु भी हो चुकी है। स्थिति यह है कि पैदल यात्रियों, साइकिल और बाइक सवारों को भी अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ती है। वहीं टैक्सी, टेंपो, चार पहिया वाहनों तथा बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। यह सड़क क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मार्ग बाधित होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पूर्व सैनिक एवं समाजसेवी उपेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से यहां लघु सेतु निर्माण की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो भविष्य में और बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इस मांग का समर्थन निवर्तमान ग्राम प्रधान एवं वर्तमान पदेन ग्राम प्रशासक संतोष सिंह सेंगर, रवि सिंह सेंगर, श्रीमती नीलम कुशवाहा, सुरेन्द्र राठौर, इंद्रजीत राठौर, योगेश राठौर, प्रज्ञादीप गौतम, सुनील कुमार निषाद तथा बालकराम प्रजापति सहित अनेक ग्रामीणों ने किया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं विभाग के अवर अभियंता पुष्पेंद्र ने बताया कि प्रस्तावित लघु सेतु निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सकेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button