गोड्डा
मिट्टी बचाओ, खेत बचाओ, किसान बचाओ के संदेश के साथ चला खेत बचाओ अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग प्रभाग द्वारा प्रखंड पथरगामा स्थित कृषि तकनीकी सूचना केंद्र में खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड तकनीकी प्रबंधक पवन कुमार कापरी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड तकनीकी प्रबंधक पवन कुमार कापरी ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा यह राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से खराब हो रही मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार करना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना एवं किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों को जानकारी देते हुए कहा कि खेत बचाओ अभियान का मुख्य संदेश मिट्टी बचाओ, खेत बचाओ, किसान बचाओ है। यह अभियान 1 जून से 30 जून तक व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में किसानों को संतुलित खाद के उपयोग, जैविक खाद, मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, नकली खाद एवं कीटनाशकों की पहचान सहित कृषि से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान समृद्धि योजना, कुसुम योजना एवं मिलेट मिशन योजना की विस्तृत जानकारी भी किसानों को दी गई।
मौके पर किसान मित्र राधाकांत रमानी, मनोरमा देवी, ललिता हांसदा, मनीष मिश्रा, मनोहर महतो, संजय ठाकुर, शशि कुमार रौनियार, संतोष मंडल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।




