मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने वित्त, पर्यावरण एवं वन और खनन व खनिज संसाधन विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से की परिचयात्मक बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली मंत्रिमंडल में वित्त, पर्यावरण एवं वन तथा खनन व खनिज संसाधन विभागों के मंत्री के रूप में नियुक्त होने के बाद आज मंगलवार को मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने इन तीनों विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक में भाग लिया। यह बैठक मंत्री के सरकारी आवास स्थल , दिसपुर में उनके आवास पर आयोजित हुई। बैठक के दौरान मंत्री बरुवा ने कहा कि असम सरकार के ये तीनों विभाग राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रभावी नीतियाँ बनाकर और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित कर विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि उनका उद्देश्य विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का सतत और जिम्मेदार उपयोग सुनिश्चित हो सके।वित्त विभाग से जुड़े अधिकारियों को लेकर मंत्री ने राज्यों की प्राथमिकताओं के अनुरूप बजट कार्यान्वयन, राजस्व सुधार और वित्तीय अनुशासन पर जोर देने को कहा। पर्यावरण एवं वन विभाग के अधिकारियों से उन्होंने जंगलों के संरक्षण, जैव विविधता सुरक्षा और पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई के साथ-साथ समाज-आधारित वन प्रबंधन योजनाओं को भी सक्रिय रूप से बढ़ाने का अनुरोध किया। वहीं खनन व खनिज संसाधन विभाग को संसाधनों के सतत दोहन, खनन मानकों का पालन तथा स्थानीय जनता के सामाजिक और आर्थिक हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से इन महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियाँ सुचारू रूप से निभाई जाएंगी और राज्य के विकास में उनकी भरी हिस्सेदारी रहेगी। बैठक का समापन कार्य योजना और प्राथमिकताओं की रूपरेखा पर चर्चा करके किया गया।



