मोदीनगर

जर्जर हाईटेंशन लाइन ने ली बेजुबान की जान, दंपती घायल  

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

मोदीनगर।  गांव सीकरी खुर्द में बुधवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का टूटा तार चकरोड पर गिरा होने के बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिसकी चपेट में आने से किसान दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उनकी बुग्गी में बंधे भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।

गांव सीकरी खुर्द निवासी किसान कर्मवीरअपनी पत्नी के साथ बुग्गी से खेत पर चारा लेने गए थे। दोपहर में लौटते समय चकरोड पर हाईटेंशन लाइन का टूटा तार पड़ा हुआ था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। दंपती को तार दिखाई नहीं दिया और उनकी बुग्गी उसके संपर्क में आ गई। बुग्गी में करंट दौड़ते ही कर्मवीर को तेज झटका लगा। दोनों जान बचाने के लिए बुग्गी से कूदकर खेत में जा गिरे, जिससे वे घायल हो गए।

हालांकि, बुग्गी से बंधा भैंसा करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। आए दिन तार टूटकर खेतों में गिरते रहते हैं, जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंचता है। ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित तार मंगलवार रात को ही टूटकर चकरोड पर गिर गया था, लेकिन बिजली विभाग ने न तो बिजली आपूर्ति बंद कराई और न ही समय रहते तार को ठीक कराया। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

मामले में स्थानीय  ग्रामीण ने बिजली विभाग के एक्सईएन से शिकायत कर किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उधर, मोदीनगर के एक्सईएन ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है और किसान की हरसंभव मदद कराई जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button