संभल

आंधी-तूफान का कहर: हाईवे पर गिरा विशालकाय पेड़

ट्रैक्टर बीच से टूटा, घंटों जाम में फंसे वाहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/बबराला। मंगलवार शाम आए तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। बबराला में नेशनल हाईवे किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ तेज हवाओं के चलते अचानक जड़ समेत उखड़कर सड़क पर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से पास खड़ा एक ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर बीच से टूट गया और उसका इंजन वाला अगला हिस्सा पीछे के हिस्से से अलग हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बिगड़ गया। इसी दौरान हाईवे किनारे वर्षों पुराना विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ का भारी तना सीधे एक ट्रैक्टर पर आ गिरा, जिससे ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। पेड़ हाईवे पर गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने पेड़ की शाखाओं और तने को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद एक तरफ से यातायात बहाल किया गया और धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। बाद में पूरी तरह सड़क साफ कर दी गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय ट्रैक्टर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। आंधी और बारिश के चलते क्षेत्र के कई हिस्सों में पेड़ों की टहनियां टूटने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने की भी खबरें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे किनारे खड़े पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वे कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर मौसम की मार और लापरवाही के खतरों को उजागर कर दिया है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button