पाकुड़

महेशपुर ब्रिज से वाया धोवरना- रांगा माटिया पाकुड़ के बीच वैकल्पिक सड़क बनाने से तीन प्रखण्ड के विकास में स्थापित होंगे नये आयाम, जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत, खुलेंगे रोजगार के अवसर

Constructing an alternative road from Maheshpur Bridge via Dhovarna and Ranga Matiya to Pakur will usher in new dimensions of development for three blocks, provide relief from traffic congestion and accidents, and create employment opportunities.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में सुगम, सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से महेशपुर ब्रिज से पाकुड़-गोपालपुर (पश्चिम बंगाल के बीरभूम) मुख्य मार्ग स्थित पोचाथोल पंचायत के छोटा मोहनपुर (चमरुगड़िया) कलभर्ट तक एक वैकल्पिक उच्चस्तरीय टू-लेन सड़क के निर्माण की मांग जोर पकड़ रही है। प्रस्तावित सड़क के निर्माण से पाकुड़ और महेशपुर के बीच आवागमन की दूरी में करीब 8 से 10 किलोमीटर तक की कमी आने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, वर्तमान पाकुड़-अमड़ापाड़ा कोयला मार्ग पर वाहनों के बढ़ते दबाव, जाम, सड़क दुर्घटनाओं और कोयले की धूल से होने वाली परेशानियों से भी काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क का संभावित एलाइनमेंट महेशपुर ब्रिज से शिवरामपुर (चन्द्रपुरा), नवाडीह, तारापुर, नया टोला,, भेटा टोला, बड़ा भारतपुर, छोटा हिरणपुर-वाया धोवरना, रामजीतपुर-गोपालनगर के बीच से, खोटामारा तीन माथा मोड़, रांगामाटिया तथा छोटा मोहनपुर (चमरुगड़िया कलभर्ट) होते हुए पाकुड़ तक निर्धारित किए जाने की परिकल्पना पर आधारित है। इस मार्ग से आसपास के अनेक ग्रामीण इलाकों को भी मुख्य सड़क नेटवर्क से बेहतर संपर्क मिल सकेगा।
21 से 22 किलोमीटर में तैयार हो सकता है झारखंड का प्रस्तावित सड़क खंड
प्रस्तावित सड़क की उपलब्ध जानकारी के अनुसार, झारखण्ड की सीमा में ही पाकुड़ कोयला मोड़ से फॉरेस्ट होते हुए महेशपुर ब्रिज तक की दूरी लगभग 27 किलोमीटर बताई गई है। इसमें पश्चिम बंगाल के हिस्से में पड़ने वाली करीब 6 किलोमीटर सड़क को अलग करने के बाद झारखंड क्षेत्र में प्रस्तावित मार्ग की लंबाई लगभग 21 से 22 किलोमीटर रहने का अनुमान है। दावा किया जा रहा है कि वर्तमान पाकुड़-वाया शहरग्राम-महेशपुर मार्ग की तुलना में इस वैकल्पिक सड़क के निर्माण से दोनों प्रमुख स्थानों के बीच दूरी करीब 8 से 10 किलोमीटर तक कम हो सकती है। हालांकि, प्रस्तावित मार्ग की वास्तविक लंबाई, तकनीकी व्यवहार्यता, भूमि की उपलब्धता और अंतिम एलाइनमेंट का निर्धारण संबंधित विभाग द्वारा स्थल सर्वेक्षण एवं तकनीकी परीक्षण के बाद ही संभव होगा।
जाम, दुर्घटनाओं और कोयले की धूल से मिलेगी राहत
वर्तमान समय में पाकुड़-अमड़ापाड़ा कोयला परिवहन मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात का दबाव बना रहता है। कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न होने से आम राहगीरों, दोपहिया/ चार पहिया वाहन चालकों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वही कोयला परिवहन के दौरान उड़ने वाली धूल भी आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है और सड़क दुघर्टनाओं की खबरें अक्सर अखबारों की पन्नों में सुर्खियां बटोर रहे होते हैं। ऐसे में प्रस्तावित वैकल्पिक उच्चस्तरीय सड़क का निर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना साबित हो सकता है। इससे छोटे-बड़े वाहनों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और मौजूदा मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। विशेषकर आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस, स्कूली वाहनों तथा दैनिक यात्रियों के लिए यह मार्ग काफी उपयोगी साबित होने की संभावना है।
शिक्षा, कृषि, व्यापार और रोजगार को मिलेगा नया आयाम
प्रस्तावित सड़क परियोजना का महत्व केवल पाकुड़ और महेशपुर के बीच दूरी कम करने तक सीमित नहीं है। इससे पाकुड़िया प्रखण्ड सहित आसपास के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को जिला मुख्यालय एवं प्रमुख बाजारों तक पहुंचने में बेहतर सुविधा मिल सकती है। सड़क सम्पर्क मजबूत होने से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। वही किसानों को अपने कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में समय और परिवहन लागत की बचत हो सकती है। व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ स्थानीय बाजारों, लघु उद्योगों और औद्योगिक इकाइयों के विकास की सम्भावनाएं भी बढ़ेंगी। साथ ही रोजगार के नये अवसर खुलेंगे। इसके अतिरिक्त, बेहतर सड़क सम्पर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहन मिल सकता है। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ भविष्य में व्यापार, परिवहन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। इतनी महत्वपूर्ण जनहितकारी सड़क परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए अब ठोस प्रशासनिक एवं तकनीकी पहल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन, सम्बन्धित पथ निर्माण विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा राज्य सरकार से प्रस्तावित मार्ग का प्राथमिक सर्वेक्षण कराने की मांग की जा रही है। परियोजना की दिशा में सबसे पहले सम्भावित एलाइनमेंट का निर्धारण, सड़क की तकनीकी व्यवहार्यता का परीक्षण, भूमि की उपलब्धता का आकलन, पुल-पुलियों एवं जल निकासी की व्यवस्था का मूल्यांकन तथा अनुमानित निर्माण लागत तय करना आवश्यक होगा। इसके बाद विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर सक्षम स्तर से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
वर्षों पुरानी जनहित की मांग पर सकारात्मक पहल की दरकार
पाकुड़, महेशपुर और पाकुड़िया प्रखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापक हितों को देखते हुए इस वैकल्पिक उच्चस्तरीय सड़क की मांग को गंभीरता से लिए जाने की आवश्यकता है। यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण का प्रस्ताव नहीं, बल्कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा देने की संभावित पहल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा है कि वे इस जनहितकारी मांग को उचित मंच पर प्रमुखता से उठाएं तथा जिला प्रशासन और राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखें। वहीं, जिला प्रशासन एवं सम्बन्धित विभागों को भी प्रस्तावित मार्ग की उपयोगिता और सम्भावनाओं का तकनीकी परीक्षण कराकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में पहल करनी चाहिए। यदि इस परियोजना को तकनीकी एवं वित्तीय दृष्टि से व्यवहार्य पाया जाता है और इसके निर्माण को स्वीकृति मिलती है, तो आने वाले समय में यह पाकुड़ जिले के सड़क सम्पर्क तंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है। इससे न केवल पाकुड़ और महेशपुर के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा, बल्कि सुदूरवर्ती गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग भी प्रशस्त होगा। अब जरूरत है कि वर्षों से उठ रही इस जनहितकारी मांग को केवल प्रस्ताव और चर्चा तक सीमित न रखकर सर्वेक्षण, डीपीआर और स्वीकृति की ठोस प्रक्रिया तक पहुंचाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सड़क परिवहन का लाभ मिल सके।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button