कैराना

ठेली लगाने के विवाद में बिरयानी विक्रेता पर हमला, तीन पर आरोप

लाठी-डंडों से मारपीट कर गला दबाने का आरोप, जान से मारने की धमकी दी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे में ठेली लगाने को लेकर विवाद के चलते एक बिरयानी विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने, गंभीर रूप से घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला अंसारियान निवासी मुस्तकीम पुत्र अजीज अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कई वर्षों से कृषि उत्पादन मंडी समिति के मुख्य गेट के सामने ताहरी-बिरयानी की ठेली लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। आरोप है कि 10 जून की सुबह करीब 11 बजे वह ठेली से काम समाप्त कर घर लौट रहा था। जब वह भूरा रोड स्थित पुल के नीचे पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद तीन लोगों ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उससे ठेली लगाना बंद करने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिराकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर और आंख पर चमचे से भी वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल ने कोतवाली पहुंचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button