
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर तहसील लोनी के अंतर्गत ग्राम असालतपुर और बनेड़ा खुर्द में हिंडन नदी के डूब क्षेत्र तथा बिना गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान जीडीए, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार ग्राम असालतपुर में लगभग 100 बीघा तथा ग्राम बनेड़ा खुर्द में करीब 150 बीघा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की गई सभी कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। कुल मिलाकर लगभग 250 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को सरकारी बुलडोजर चलाकर हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार लोनी डॉ. अरुण कुमार अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक अफरोज त्यागी, जीडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस बल की तैनाती के बीच ध्वस्तीकरण अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
तहसीलदार डॉ. अरुण कुमार अग्रवाल ने बताया कि मौके पर मौजूद कुछ परिवारों ने पूछताछ में जानकारी दी कि उन्हें प्लॉट सुभाष त्यागी निवासी चंदौली, शिवकुमार त्यागी निवासी चंदौली, अनिल शर्मा निवासी मयूर विहार तथा जोगिंदर यादव निवासी बहरामपुर द्वारा बेचे गए थे। इस संबंध में विस्तृत जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जीडीए एवं सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन निर्माणों में परिवार वर्तमान में निवास कर रहे हैं, उन्हें गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के माध्यम से नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान प्रशासन की सख्ती और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की दृढ़ इच्छाशक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। लोनी उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जों और कॉलोनियों पर कार्रवाई कर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



