गाजियाबाद
ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में उप-पंजीयक कार्यालय लोनी पर तालाबंदी
अधिवक्ताओं व दस्तावेज लेखकों ने किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी बार एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक संघ, शाखा लोनी के संयुक्त आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेश सरकार की प्रस्तावित ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने उप-पंजीयक (सब रजिस्ट्रार) कार्यालय लोनी पर शांतिपूर्ण तालाबंदी कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार द्वारा निजी संस्थाओं के माध्यम से दस्तावेजों के पंजीकरण की व्यवस्था लागू किए जाने का विरोध करते हुए इसे अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टाम्प विक्रेताओं, कम्प्यूटर ऑपरेटरों एवं अन्य संबंधित लोगों के हितों के विरुद्ध बताया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आदेश वापस लेने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि ई-पंजीकरण व्यवस्था लागू होने से तहसीलों में वर्षों से कार्य कर रहे हजारों लोगों के रोजगार पर संकट उत्पन्न हो जाएगा। उनका कहना था कि यह व्यवस्था पारंपरिक पंजीकरण प्रणाली को कमजोर करने के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ और तकनीकी जटिलताएं पैदा करेगी।
लोनी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों की मांगों पर विचार कर विवादित आदेश को वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आम जनता के कार्य भी प्रभावित
तालाबंदी और चल रही हड़ताल के कारण उप-पंजीयक कार्यालय में दस्तावेजों के पंजीकरण, बैनामा, रजिस्ट्री तथा अन्य संबंधित कार्य प्रभावित रहे। कई लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे, लेकिन कामकाज ठप रहने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि सरकार और आंदोलनकारी पक्ष के बीच जल्द समाधान निकले ताकि लंबित कार्यों का निस्तारण हो सके।
प्रदर्शन में लोनी बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता, उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक संघ शाखा लोनी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में संबंधित लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में ई-पंजीकरण व्यवस्था का विरोध करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।


