गोड्डा

मजदूरों की मेहनत पर टिकी है विकास की बुनियाद : डालसा

नेशनल प्रेस टाईम्स व्यूरो
, गोड्डा : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने मजदूरों को कानूनी जानकारी एवं सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी ।इसी कड़ी में सदर प्रखंड के कन्हवारा पंचायत भवन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एलएडीसी आयुष कुमार ने कहा कि मजदूरों की मेहनत पर ही विकास की बुनियाद है। सरकारी व गैर सरकारी उद्योगों में 80 प्रतिशत असंगठित मजदूर कार्य करते हैं। समय के साथ- साथ मजदूरों के कल्याणार्थ अनेक योजनाएं संचालित की गई। मनरेगा के तहत देश के असंगठित मजदूरों के लिए कम से सौ दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। मनरेगा को कानूनी दर्जा भी दिया गया है। इसके अलावा श्रम विभाग की ओर से भी मजदूरों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं। श्रम कार्ड व ई-श्रम कार्ड के तहत भी अनेक प्रकार के लाभ व पेंशन का प्रविधान है। इस संबंध में जागरुक रहने की जरुरत है। इस दौरान अधिकार मित्र नवीन कुमार, अविनाश कुमार सिंहा सहित अन्य गणमान्यों ने डालसा के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला । कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं धन्यवाद ज्ञापन पूर्व मुखिया परमानंद साह ने किया। मौके पर पूर्व पंसस अशोक मांझी, पूर्व उपमुखिया अशोक कापरी, पंसस राजकुमार साह, पूर्व वार्ड सदस्य श्रवण साह सहित अनिरुद्ध् माल, जनार्दन साह, भूपनारायण साह, पंकज साह, मंगल मिर्धा, विकास रजक, राजेन्द्र साह, विषधर साह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

Show More