सीएम हेमन्त सोरेन से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने की मुलाकात
Newly elected Rajya Sabha MP Baidyanath Ram met CM Hemant Soren.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में बैद्यनाथ राम झारखंड की जनभावनाओं, जन अपेक्षाओं तथा जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस अवसर पर नव निर्वाचित सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। मुलाकात के दौरान राज्य सरकार के मंत्री हफीजुल हसन, सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मथुरा प्रसाद महतो तथा उमाकांत रजक भी उपस्थित रहे।



