टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी पर शिकंजा
सुमित रॉय पर धोखाधड़ी और जालसाजी का नया केस दर्ज
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय के खिलाफ पश्चिम मेदिनीपुर के देबरा थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। फरार चल रहे सुमित पहले से भूमि कब्जा मामले में भी आरोपी हैं। शिकायत में पूर्व विधायक सुजॉय हाजरा का नाम भी शामिल है। पुलिस और सीआईडी मामले की जांच कर रही हैं।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में उनके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
जमीन कब्जा मामले में आरोपी हैं सुमित राय
पुलिस के अनुसार, सुमित रॉय पहले से ही एक कथित जमीन कब्जा मामले में आरोपी हैं। इस मामले में उनकी तलाश की जा रही है और पश्चिम बंगाल पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है। सुमित रॉय काफी समय से फरार बताए जा रहे हैं। हाल ही में पुलिस ने सुमित रॉय की तलाश में कोलकाता स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन वह वहां नहीं मिले।
देबरा थाने में दर्ज हुआ नया मामला
रविवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम मेदिनीपुर जिले के देबरा थाने में सुमित रॉय के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि रॉय ने फजीर्वाड़ा और धोखे से संबंधित गतिविधियों को अंजाम दिया। इस मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक सुजॉय हाजरा का नाम भी शिकायत में शामिल किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आरोपों के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
सीआईडी कर रही शिकायत की जांच
राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेजों और तथ्यों को खंगाला जा रहा है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस को हर संभव सहायता दी जाएगी। अधिकारी ने कहा, ‘हम शिकायत की सामग्री की जांच कर रहे हैं और संबंधित दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं। सभी आरोपों का सबूतों के आधार पर सत्यापन किया जाएगा और उसके बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी’।
सभी नामजद लोगों से होगी पूछताछ
पुलिस का कहना है कि शिकायत में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि कथित अपराध में उनकी कोई भूमिका थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुजॉय हाजरा को हाल ही में शालबनी पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। वहीं, सुमित रॉय की तलाश अभी भी जारी है और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।



