गाजियाबाद
लोनी में बदमाशों ने युवक को मारी गोली
दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर पुलिस को दी खुली चुनौती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा चौकी इलाके में आज दोपहर बदमाशों ने पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा दावों को धता बताते हुए एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जबकि पुलिस एक बार फिर वारदात होने के बाद केवल जांच और बदमाशों की तलाश में कैमरे खंगालने तक ही सीमित नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार, बागराणप गांव के मुखिया गेट के पास राहुल पुत्र रामपाल (30 वर्ष), निवासी गीतांजलि विहार, अपने स्टूडियो से घर खाना खाने जा रहा था। जैसे ही वह बुध बाजार स्थित मुखिया गेट के निकट पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पीछे से उस पर गोली चला दी। गोली राहुल की पीठ में रगड़ खाकर निकल गई, जिससे कारण वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोनी पुलिस मौके पर पहुंची । समाचार लिखे जाने तक पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इधर उधर हाथ-पांव मारती रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोनी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सरेआम दिन दहाड़े गोलीबारी जैसी घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर बदमाशों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं रह गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त, खुफिया तंत्र और कानून-व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि पुलिस की सक्रियता मुस्तैद होती तो अपराधी इस तरह खुलेआम वारदात को अंजाम देने का साहस नहीं जुटा पाते। बदमाशों द्वारा भीड़भाड़ वाले इलाके में गोली चलाकर फरार हो जाना पुलिस के लिए खुली चुनौती माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब दिनदहाड़े आम आदमी सुरक्षित नहीं हैं, तो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है